Bihar Crime: इश्क का राज बना कत्ल की वजह, अफेयर का भंडाफोड़ होने के डर से दोस्तों ने उतारा मौत के घाट, झाड़ियों में फेंक दी लाश
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाले कत्लकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाले कत्लकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। 15 वर्षीय नाबालिग नीतीश कुमार की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके सबसे करीबी दोस्तों ने ही की थी। महज एक प्रेम प्रसंग का राज खुल जाने के डर ने दो नाबालिगों को ऐसा संगदिल बना दिया कि उन्होंने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
यह सनसनीखेज मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है। सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने 7 जून की देर शाम पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार दोनों नाबालिग आरोपियों की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक का गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इस रिश्ते की जानकारी नीतीश कुमार को हो गई थी। नीतीश ने कथित तौर पर अपने दोस्तों को चेतावनी दी थी कि वह उनके अफेयर की बात घरवालों और लड़की के परिवार को बता देगा। इसी बात को लेकर आरोपी लगातार खौफ और दबाव में थे।
पुलिस के मुताबिक, 31 मई को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से नीतीश को फोन कर घर से बुलाया। वह साइकिल लेकर दोस्तों के पास पहुंचा। इसके बाद दोनों उसे घर से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में ले गए, जहां झाड़ियां और वीरान जगह थी। वहां तीनों के बीच अफेयर को लेकर तीखी बहस हुई। जब नीतीश अपनी बात पर अड़ा रहा, तो दोनों आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया।
हत्यारों के पास धारदार हसुआ था। उसी हथियार से नीतीश पर ताबड़तोड़ वार किए गए। उसके गले और शरीर पर गंभीर जख्म के निशान मिले। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।1 जून की सुबह टहलने निकले लोगों ने झाड़ियों में शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की साइकिल और मोबाइल बरामद किया। अब इस मामले का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा है कि एक मामूली राज छिपाने के लिए दोस्ती का खून कर दिया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा