Bihar Crime: बेखौफ अपराधियों का तांडव, बदमाशों ने दो युवकों को मारी 5 गोलियां, हालत गंभीर

Bihar Crime:बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर जुर्म की स्याह परछाइयों ने दस्तक दी है। शहर की फिज़ा उस वक्त दहल उठी जब बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके को थर्रा दिया।

Muzaffarpur Terror Unleashed Two Youth Shot 5 Times
: बेखौफ अपराधियों का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर जुर्म की स्याह परछाइयों ने दस्तक दी है। शहर की फिज़ा उस वक्त दहल उठी जब बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके को थर्रा दिया। मामला कांटी थाना क्षेत्र के कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास का है, जहां रोज़ी-रोटी कमा कर लौट रहे दो मासूम मजदूरों पर अपराधियों ने घात लगाकर हमला बोल दिया।

बताया जा रहा है कि शाहबाजपुर निवासी अनिल कुमार और सिरसिया के रहने वाले राजकुमार भगत एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। तभी पहले से ताक में बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की बारिश ऐसी हुई कि एक शख्स को तीन और दूसरे को दो गोलियां जा लगीं। खून से लथपथ दोनों ज़मीन पर गिर पड़े और इलाके में अफरा-तफरी का आलम पैदा हो गया।

वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए दोनों जख्मियों को फौरन एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, जैसे ही इस सनसनीखेज वारदात की खबर पुलिस महकमे तक पहुंची, हड़कंप मच गया। बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। एसडीपीओ वेस्ट-वन सुचित्रा कुमारी खुद मामले की तहकीकात कर रही हैं।

परिजनों का कहना है कि दोनों पीड़ित मेहनतकश लोग हैं और उनका किसी से कोई झगड़ा या दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में इस खौफनाक हमले के पीछे की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि इस खून-खराबे की असली साजिश बेनकाब हो सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कांटी से जदयू विधायक अजीत कुमार भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को इंसाफ का भरोसा दिलाया। शहर में दहशत का माहौल है, और हर कोई यही पूछ रहा है आखिर कब थमेगी ये गोलियों की गूंज?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा