Bihar Crime: छेड़खानी का विरोध किया तो घर तक पहुंचा रंगबाज, दरवाजे पर चढ़कर युवती पर चाकू से हमला

Bihar Crime: 22 वर्षीय युवती को छेड़खानी का विरोध करना भारी पड़ गया। पहले रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की कोशिश की गई और विरोध करने पर...

Muzaffarpur Woman Attacked With Knife After Opposing Harassm
दरवाजे पर चढ़कर युवती पर चाकू से हमला- फोटो : social Media

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में स्कूल जा रही दो नाबालिग छात्राओं पर ब्लेड से हमले का मामला अभी शांत भी नहीं पड़ा था कि छेड़खानी और चाकूबाजी की एक और वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि 22 वर्षीय युवती को छेड़खानी का विरोध करना भारी पड़ गया। पहले रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की कोशिश की गई और विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरोपी उसके घर तक पहुंच गया और दरवाजे पर चढ़कर युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

मामला मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता प्रीति कुमारी के मुताबिक, वह बाजार से लौट रही थी। दरियापुर छपड़ा पोखर के समीप रवि कुमार नामक युवक ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। युवती ने विरोध किया तो मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। लोगों के जुटने की भनक लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

पीड़िता का आरोप है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ देर बाद आरोपी कथित तौर पर उसके कोदरकट्टा स्थित घर पर पहुंच गया। आरोप है कि दरवाजे पर चढ़कर उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पीड़िता ने मोतीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में उसने रवि कुमार पर पहले छेड़खानी का प्रयास करने और विरोध के बाद चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है।

एक ही इलाके में महिलाओं और छात्राओं से जुड़ी घटनाओं के सामने आने से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब प्राथमिकी के आधार पर पूरे मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा