Bihar Crime: बारात में ट्रॉली हटाने की मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत और मातम का माहौल

Bihar Crime: एक शादी समारोह उस वक्त खौफनाक वारदात में बदल गया, जब एक मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।

Muzaffarpur Youth Beaten to Death
शादी की खुशी में मातम- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर गांव में एक शादी समारोह उस वक्त खौफनाक वारदात में बदल गया, जब एक मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खुशियों से गूंजता घर पल भर में मातम और चीख-पुकार में तब्दील हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जागेश्वर सहनी की बेटी की शादी में पियर थाना क्षेत्र से बारात आई हुई थी। ढोल-नगाड़ों और डीजे की शोर-शराबे के बीच पूरा इलाका जश्न में डूबा था। इसी दौरान 27 वर्षीय युवक राहुल कुमार, पिता विनोद सहनी, ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। सड़क पर बारात की म्यूजिक ट्रॉली लगी होने से रास्ता अवरुद्ध था, जिसे लेकर उसने ट्रॉली हटाने की बात कही।

इसी बात पर बारात में शामिल कुछ लोगों के साथ उसकी तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हो गई। हालांकि बाद में ट्रॉली हटा दी गई और मामला शांत हो गया। लेकिन बताया जाता है कि कुछ लोगों के दिल में रंजिश और खुन्नस रह गई थी।

इसके बाद, जब राहुल शादी की रस्म देखने के बाद लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे बीच रास्ते से अगवा कर लिया। परिजनों के मुताबिक, रातभर उसकी तलाश होती रही लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह गांव के बाहर सुनसान इलाके में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। युवक के शरीर पर बेरहमी से पिटाई के गहरे जख्म पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि उसकी मॉब स्टाइल में बर्बर पिटाई कर हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा