Bihar Crime: पार्टी में चली गोली लगने से युवक की मौत,होली से पहले इलाके में मातम और सन्नाटा

Bihar Crime: पार्टी के दौरान कुछ युवक हथियार के साथ स्टंट या फायरिंग की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान...

Muzaffarpur Youth Killed in Party Firing Gloom Before Holi
गोली लगने से युवक की मौत- फोटो : reporter

Bihar Crime: पार्टी के दौरान कुछ युवक हथियार के साथ स्टंट या फायरिंग की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गोली सीधे सूरज कुमार को जा लगी। मुजफ्फरपुर  जिला में देर रात चली गोली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाज के दौरान 30 वर्षीय युवक सूरज कुमार की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। घटना बोचहा थाना क्षेत्र के उनसर पंचायत स्थित पराती गांव के एक बगीचे की बताई जा रही है, जहां कुछ दोस्त आपस में बैठकर पार्टी कर रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम कुछ युवक बगीचे में जमा थे। माहौल में मौज-मस्ती चल रही थी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान कुछ युवक हथियार के साथ स्टंट या फायरिंग की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गोली सीधे सूरज कुमार को जा लगी। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में देखते ही देखते भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी जांच के लिए रवाना कर दी गई है, ताकि यह साफ हो सके कि गोली किस परिस्थितियों में चली और हथियार किसका था।

पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई फायरिंग मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। पार्टी में मौजूद युवकों से पूछताछ की जा रही है। यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं यह लापरवाही थी या जानबूझकर की गई हरकत।

घटना के बाद पराती गांव में सन्नाटा पसरा है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर उस रात बगीचे में क्या हुआ था।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा