नवादा में बंद घर पर चोरों का धावा, ताला तोड़ बेशुमार दौलत उड़ाई, वारदात से गांव में दहशत

Bihar Crime: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। ...

Nawada Crime
नवादा में बंद घर पर चोरों का धावा- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इंगनाटांड गांव में शुक्रवार रात मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर करीब 13 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी शामिल है। वारदात के बाद इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल है।पीड़ित अजीत कुमार उर्फ पप्पू ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई की वजह से वह सपरिवार रजौली में रहते हैं। हालांकि, अपने पैतृक गांव स्थित घर की देखरेख के लिए वह रोजाना वहां आते-जाते हैं। शुक्रवार रात भी वह रजौली में ही ठहरे हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान पड़े घर को निशाना बना लिया।

शनिवार सुबह जब अजीत कुमार गांव पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के भीतर दाखिल होने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर गोदरेज की अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ पाया गया।अलमारी खंगालने पर पता चला कि उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब हैं। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इनमें उनकी पत्नी अनीता देवी और मां सावित्री देवी के आभूषण भी शामिल हैं।

चोरों ने सिर्फ जेवरात ही नहीं उड़ाए, बल्कि करीब 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। बताया गया कि यह रकम खेती-किसानी और बच्चों की पढ़ाई के खर्च के लिए रखी गई थी। इस तरह परिवार की जमा पूंजी पर चोरों ने एक झटके में हाथ साफ कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी ली। सिरदला थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है और पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाने में लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि वारदात को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की होगी और उसके बाद मौका देखकर ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।बंद घरों को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरों तक पहुंचना और चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी करना है।

रिपोर्ट- अमन कुमार