Bihar Crime: अपराधियों ने कपड़ा कारोबारी को घेरकर जमकर पीटा, iPhone-चेन समेत सामान लूट कर हो गए फरार

कपड़ा कारोबारी से मारपीट कर छिनतई का मामला सामने आया है। ...

Bihar Crime: अपराधियों ने कपड़ा कारोबारी को घेरकर जमकर पीटा,
अपराधियों ने कपड़ा कारोबारी को घेरकर जमकर पीटा- फोटो : reporter

Nawada: नगर थाना क्षेत्र के कन्हाई स्कूल के पास कपड़ा कारोबारी से मारपीट कर छिनतई का मामला सामने आया है। कादिरगंज निवासी कपड़ा व्यवसायी विकास कुमार ने करीब 20 लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने और उनके पास से कपड़े, रुपये, सोने की चेन और iPhone मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। घटना में घायल कारोबारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विकास कुमार के मुताबिक, वह बुलेट से कपड़ा खरीदकर वापस लौट रहे थे। कन्हाई स्कूल के पास कुछ लोगों ने हाथ देकर उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्हें लगा कि शायद चंदा मांगने वाले लोग हैं, इसलिए उन्होंने बाइक रोक दी।आरोप है कि बाइक रुकते ही लोगों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कपड़े का सामान, रुपये, गले में पहनी सोने की चेन और पॉकेट में रखा iPhone छीन लिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी कथित तौर पर जमकर पिटाई की गई और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के समरी गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई है।विक्की ने पुलिस के सामने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह घटनास्थल के किनारे खड़ा था। उसके मुताबिक, जब बाकी लोग वहां से भाग गए तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। उसने बताया कि वह नारदीगंज से नवादा बिरयानी खाने आया था।

विक्की के बयान के बावजूद रात के समय घटनास्थल के पास उसकी मौजूदगी और बिरयानी खाने के लिए नवादा आने की बात पुलिस के लिए जांच का विषय बनी हुई है। नगर थाना पुलिस उसके बयान और कारोबारी की शिकायत समेत पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने पदाधिकारी भेजकर दोनों युवकों को सदर अस्पताल से थाना बुलाया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

थाना प्रभारी ने कहा कि कारोबारी के आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। करीब 20 लोगों द्वारा मिलकर छिनतई किए जाने का आरोप सही है या घटना के पीछे कोई अन्य तथ्य है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों, आरोपों और पकड़े गए युवक की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का पूरा उद्भेदन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

रिपोर्ट- अमन कुमार