Bihar Crime: थाना के सामने चौकीदार की हत्या ,बिहार में कानून पर माफियाओं के हमले से हड़कंप

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब थाना और पुलिस का खौफ भी खत्म होता नजर आ रहा है। ...

Nawada Murder Outside Police Station Raises Questions on Bih
थाने के सामने कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब थाना और पुलिस का खौफ भी खत्म होता नजर आ रहा है। नवादा  में बालू और शराब माफियाओं ने कानून व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए थाना के सामने ही एक चौकीदार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में गंभीर रूप से घायल चौकीदार जितेंद्र पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि देर रात चौकीदार जितेंद्र पासवान ड्यूटी पर तैनात थे, तभी बालू माफियाओं से जुड़े बदमाशों ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हैरत की बात यह रही कि वारदात थाना के सामने हुई, लेकिन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पुलिस व्यवस्था को धत्ता बताते हुए खूनी खेल को अंजाम दे डाला। हमले के बाद चौकीदार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल भेजा गया।

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद जितेंद्र पासवान जिंदगी की जंग हार गए। उनकी मौत की पुष्टि पुलिस प्रशासन ने भी कर दी है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा और आसपास के इलाकों में बालू और शराब माफिया इतने ताकतवर हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। आए दिन पुलिस और प्रशासन पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद माफियाओं का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब थाना के सामने पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? क्या बिहार में माफिया राज फिर सिर उठाने लगा है? फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन चौकीदार की मौत ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार