Bihar Crime: पार्किंग को लेकर दो गुट भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, मोहल्ला बना पुलिस छावनी
Bihar Crime: गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली तकरार देखते ही देखते संगीन झड़प में बदल गया।...
Bihar Crime: गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली तकरार देखते ही देखते संगीन झड़प में बदल गया। बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित बेली शरीफ मोहल्ला उस वक्त जंग के मैदान में तब्दील हो गया, जब गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली तकरार देखते ही देखते संगीन झड़प में बदल गया। चंद मिनटों में बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चले, धक्का-मुक्की हुई और अफरा-तफरी का मंजर कायम हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पक्ष ने सड़क किनारे वाहन खड़ा किया था, जिस पर दूसरे पक्ष ने एतराज जताया। बातों-बातों में तकरार बढ़ी और फिर हालात बेकाबू हो गए। इस दौरान कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। शीशे चकनाचूर कर दिए गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस खूनी झड़प में दोनों गुटों से एक-एक शख्स जख्मी हो गया। घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। दुकानों के शटर गिरने लगे और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एसडीपीओ हुलास कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा और नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और मोहल्ले को एहतियातन पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
अधिकारियों ने हालात पर काबू पाने के लिए दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया और शांति कायम रखने की अपील की। एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी बड़े विवाद की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों से पूछताछ जारी है। मोहल्ले में शांति तो बहाल हो गई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जरा सी कहासुनी कब संगीन वारदात में बदल जाए, कहा नहीं जा सकता।
रिपोर्ट- अमन कुमार