Bihar crime: नवादा में धार्मिक किताबें जलाने की खबर से खलबली, जांच तेज, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Bihar crime: आदर्श नगर के पीछे बाजार के समीप कुछ धार्मिक पुस्तकें जलाई गई हैं। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।

Nawada Religious Books Burned Police Launch Probe
धार्मिक किताबें जलाने की खबर से खलबली- फोटो : reporter

Bihar crime: नवादा नेमदारगंज थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में धार्मिक पुस्तकों को जलाए जाने की सूचना से शुक्रवार को इलाके में खलबली मच गई। पुलिस को 11 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि आदर्श नगर के पीछे बाजार के समीप कुछ धार्मिक पुस्तकें जलाई गई हैं। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। इसके अलावा डॉग स्क्वायड और डीआईयू टीम को भी जांच में लगाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में नेमदारगंज थाना में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अनुसंधान के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धार्मिक पुस्तकें किन परिस्थितियों में जलाई गईं और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है।

नवादा पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

रिपोर्ट- अमन कुमार