Bihar Crime: नवादा में छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, दादी को बोलेरो से कुचला, विरोध में 4 घंटे NH-82 जाम
Bihar Crime: छेड़खानी का विरोध करने पर एक बुजुर्ग महिला की बोलेरो से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर एक बुजुर्ग महिला की बोलेरो से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना तुंगी बाजार की है, जहां अपनी पोती के साथ खरीदारी करने पहुंची महिला ने युवती के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज युवकों ने बोलेरो से महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, लटावर निवासी बुजुर्ग महिला अपनी पोती के साथ तुंगी बाजार पहुंची थी। इसी दौरान पिकअप वाहन पर सवार कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी की और उसके साथ मारपीट भी की। दादी ने जब इसका विरोध किया तो मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि बोलेरो सवार युवकों ने बुजुर्ग महिला को वाहन से कुचल दिया।
महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण तुंगी दोमुहानी के पास एनएच-82 पर पहुंच गए और गया-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक सड़क पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना मिलते ही हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। हालात को देखते हुए कई वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और अधिकारियों की समझाइश के बाद काफी मशक्कत से जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस के अनुसार, जिस चार पहिया वाहन से वारदात किए जाने की बात सामने आई है, वह तुंगी चक निवासी सौरभ चौधरी के नाम पर पंजीकृत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन में सवार युवक तुंगी चक के रहने वाले हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इनमें से कुछ लोग कथित तौर पर शराब के धंधे से जुड़े हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते मनचलों पर कार्रवाई होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था। छेड़खानी जैसे मामलों में तत्काल पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर अपराधियों के हौसले बढ़ने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि छेड़खानी का विरोध करने के दौरान महिला की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस वारदात ने तुंगी बाजार समेत पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। एक बुजुर्ग महिला की जान जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा और करीब चार घंटे तक एनएच-82 ठप रहा। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी पर टिकी है।
रिपोर्ट- अमन कुमार