पटना में टावर से कॉपर तार चुराने वाला गैंग गिरफ्तार, पुलिस ने तीन शातिर चोरों को दबोचा, कई वारदातों का खुलासा

Bihar Crime: पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल पुलिस ने टावर से कॉपर तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।...

Patna 3 Held for Copper Wire Theft from Tower in Bihar Palig
पटना में टावर से कॉपर तार चुराने वाला गैंग गिरफ्तार- फोटो : social Media

Bihar Crime: पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल पुलिस ने टावर से कॉपर तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर तार, तार काटने वाला कटर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1,138 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पालीगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई कुरकुरी गांव में निजी जमीन पर लगे टावर विजन के मोबाइल टावर से कॉपर तार चोरी के मामले में की गई। 30 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी टावर से कॉपर तार और अन्य सामान चोरी कर रहे हैं। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सुनील से हुई गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें आदित्य कुमार, जो जानीपुर थाना क्षेत्र के सौरमपुर गांव का रहने वाला है, तथा आशीष कुमार, जो गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का निवासी है, शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने खुलासा किया कि वे पहले भी कई बार इसी टावर से कॉपर तार चोरी कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। ये विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं और पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद सामानों को जब्त कर लिया गया है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी किए गए कॉपर तार को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। इस कार्रवाई को पालीगंज पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे इलाके में लगातार हो रही टावर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।