Patna Crime: थाने से महज 100 मीटर दूर हथियारबंद लुटेरों का तांडव, मोकामा के पास ज्वेलर्स से लाखों के गहने लूटे, फायरिंग कर फरार हुए बदमाश
Patna Crime: मोकामा के सम्यागढ़ बाजार में रविवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।...
Patna Crime: मोकामा के सम्यागढ़ बाजार में रविवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। सम्यागढ़ थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित मां अम्बे आभूषण दुकान में चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने पिस्तौल लहराते हुए दुकान में लूटपाट की और वारदात को अंजाम देने के बाद दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही बाढ़ के SDPO-1 राम कृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपराधियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर चार बदमाश सम्यागढ़ बाजार पहुंचे थे। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे और उनके हाथों में हथियार थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने पिस्तौल के बल पर मालिक और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।मां अम्बे ज्वेलर्स के संचालक चंदन कुमार ने बताया कि बदमाशों ने दुकान में प्रवेश करते ही पिस्तौल की बट से हमला किया और करीब पांच मिनट के अंदर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अपराधी दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 70 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले।
लूट की इस दुस्साहसिक वारदात ने सम्यागढ़ बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। जिस बाजार में रोजाना आसपास के करीब दस गांवों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, वहां शाम के वक्त हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अपराधी पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर निकल गए, तो इलाके में पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था कहां थी? फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूत्रों और तकनीकी जांच के सहारे लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट