Patna Murder: पटना में बुज़ुर्ग की हत्या,पीठ में गोली मार कर बेरहमी से हत्या,इलाके में सनसनी

Patna Murder: बिहार में अपराध की बेलगाम होती घटनाओं के बीच बाढ़ अनुमंडल एक और सनसनीखेज वारदात से दहल उठा है।..

Patna Barh Elderly Man Shot Dead Brutal Killing Sparks Panic
पटना में बुज़ुर्ग की हत्या- फोटो : reporter

Patna Murder: बिहार में अपराध की बेलगाम होती घटनाओं के बीच बाढ़ अनुमंडल एक और सनसनीखेज वारदात से दहल उठा है। भदौर थाना क्षेत्र के बरुआने खंदा में एक वृद्ध भूषण की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

मृतक भूषण, जो मूल रूप से नालंदा जिले के गोविंदपुर के रहने वाले थे, हर दिन की तरह बीती रात भी दूध देने के लिए भदौर डेयरी गए थे। परिजनों के अनुसार वे रोजाना की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद सुबह जब सूचना मिली तो भदौर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि भूषण का शव बरुआने खंदा क्षेत्र से बरामद किया गया है। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि उन्हें बेहद नजदीक से गोली मारी गई है। मृतक के गले में गमछा लिपटा हुआ पाया गया, जबकि पीठ में गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाज़ा लगाया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।

भदौर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश हो, आपसी विवाद हो या फिर किसी अन्य आपराधिक साजिश का हिस्सा।इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक साधारण दूध व्यवसायी की इस तरह हत्या ने यह संकेत दिया है कि अपराधी किस कदर बेखौफ हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट- रविशंकर कुमार