Patna Crime: पटना सिटी में खौफनाक वारदात, आधी रात चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

Patna Crime: गुरुगोविंद सिंह अस्पताल के पास एक युवक की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।....

Patna City Murder Youth Stabbed to Death Accused Escapes
पटना सिटी में खौफनाक वारदात- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में आधी रात हुई सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। गुरुगोविंद सिंह अस्पताल के पास एक युवक की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया।

मृतक की पहचान सूरज नामक युवक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूरज रात में भोजन करने के बाद अपने घर से बाहर निकला था। इसी दौरान उसके पड़ोसी आकाश कुमार ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी आकाश कुमार फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

डीएसपी-2 शिवशंकर कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पड़ोसी द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है।

आधी रात अस्पताल के पास हुई इस खौफनाक हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी और भय का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर किस विवाद या दुश्मनी ने इस खूनी वारदात को जन्म दिया। पुलिस सभी पहलुओं को खंगालते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार