पटना में स्कूल से निकली छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता, रेलवे ट्रैक पर मिले कपड़े-बैग, गुस्से में सड़क पर उतरे परिजन, सड़क जाम और आगजनी के बाद पुलिस ने तेज की तफ्तीश

Patna Crime: पटना से एक छात्रा लापता हो गई है।खोजबीन के दौरान रेलवे ट्रैक के पास छात्रा का स्कूल ड्रेस, बैग और आईकार्ड मिलने से मामला और पेचीदा हो गया। ...

Patna Class 10 Girl Missing After School

Patna Crime: पटना से एक छात्रा लापता हो गई है। खगौल में केंद्रीय विद्यालय की 10वीं कक्षा की एक छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा घर नहीं लौटी। देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रेलवे ट्रैक के पास छात्रा का स्कूल ड्रेस, बैग और आईकार्ड मिलने से मामला और पेचीदा हो गया।

छात्रा के लापता होने की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सरारी गुमटी के पास दानापुर-नेऊरा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की और जमकर हंगामा किया। सड़क पर कई घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोग छात्रा की तत्काल बरामदगी और पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा देने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसी तरह जाम हटाया गया।

लापता छात्रा के चाचा प्रेम कुमार के मुताबिक, छात्रा सोमवार सुबह करीब आठ बजे स्कूल गई थी। स्कूल में छुट्टी दोपहर 1:40 बजे हुई, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। स्कूल से जानकारी लेने पर पता चला कि वह छुट्टी के बाद वहां से निकल चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने स्कूल परिसर से लेकर रेलवे ट्रैक तक उसकी तलाश की।

डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि छात्रा की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से रेल ट्रैक की भी जांच कराई गई है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में छात्रा एक दोस्त के साथ जाती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश और पूछताछ जारी है।

रिपोर्ट-रंजीत कुमार