Patna Crime: पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप लूट, हेलमेट-मास्क में आए लुटेरे, मालिक पर किया कातिलाना हमला
Patna Crime: दो बाइक पर सवार चार मुल्जिम अचानक दुकान में दाखिल हुए। इनमें से दो ने हेलमेट और दो ने मास्क पहन रखा था...
Patna Crime:पटना के दानापुर थाना इलाके में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरपीएस काली मंदिर रोड स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स दुकान को चार बाइक सवार बदमाशों ने अपना निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए।
मंगलवार दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुई इस डकैती में बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। दो बाइक पर सवार चार मुल्जिम अचानक दुकान में दाखिल हुए। इनमें से दो ने हेलमेट और दो ने मास्क पहन रखा था, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। दुकान में घुसते ही उन्होंने पिस्टल लहराते हुए ‘खौफ का माहौल’ बना दिया और सीधे काउंटर पर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने काउंटर का शीशा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए और लॉकर में रखे गहनों के साथ करीब पांच हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए। इस दौरान जब दुकानदार सुमन कुमार ने मुकाबला करने की कोशिश की, तो एक बदमाश ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार कर उन्हें जख्मी कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी बड़े आराम से एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार होकर आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की दिशा में फरार हो गए। हालांकि, पूरी ‘कार्रवाई’ दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों का हुलिया और उनका ‘ऑपरेशन’ साफ नजर आ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रूपसपुर और दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी है।
हालांकि, पुलिस ने बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात से साफ इनकार किया है। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल लूट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जल्द ही मुल्जिमों को पकड़ने का दावा कर रही है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार