Patna Eou Raid: भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, आर्थिक अपराध इकाई के एक्शन
Patna Eou Raid: आर्थिक अपराध इकाई ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार राज्य भवन निर्माण लिमिटेड के महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है।..
Patna Eou Raid: आर्थिक अपराध इकाई ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार राज्य भवन निर्माण लिमिटेड के महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। एजेंसी की विशेष टीम ने आज मंगलवार को उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई कथित तौर पर 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध इकाई ने सोमवार देर शाम इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। केस दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी ने अपनी तफ्तीश तेज कर दी और मंगलवार सुबह विशेष टीमों को अलग-अलग ठिकानों पर रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि वैशाली, हाजीपुर, पटना समेत कई स्थानों पर एजेंसी की कार्रवाई चल रही है।अधिकारियों के मुताबिक कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। तलाशी अभियान के लिए आर्थिक अपराध इकाई के करीब दो दर्जन से अधिक अधिकारियों और कर्मियों को लगाया गया है। टीम संबंधित परिसरों में दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी की घोषित आय और अर्जित संपत्ति के बीच कितना अंतर है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई जारी है और छापेमारी से सामने आने वाले दस्तावेजों व संपत्तियों का ब्योरा जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट- अनिल कुमार