Patna Crime:रुपये नहीं दिए तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो...फोन कर पटना में डॉक्टर दंपति से 30 लाख की रंगदारी की मांग, इलाके में खौफ
Patna Crime: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं।...
Patna Crime: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर दंपति से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोबाइल फोन पर बार-बार कॉल कर रकम की मांग की गई और रुपये नहीं देने पर डॉक्टर दंपति को अंजाम भुगतने और जान से हाथ धो बैठने की धमकी दी गई। वारदात के बाद इलाके में खौफ का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी डॉ. उमाशंकर प्रसाद और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने कथित तौर पर 30 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रकम नहीं देने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से सहमे डॉक्टर दंपति ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पत्रकार नगर थाना पुलिस से की।
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की पड़ताल शुरू कर दी। पुलिसिया तफ्तीश में शुरुआती तौर पर पता चला है कि जिस नंबर से डॉक्टर दंपति को धमकी दी गई, उसका इस्तेमाल नवादा के वारिसलीगंज इलाके से किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नंबर के पीछे असली चेहरा कौन है और रंगदारी की इस साजिश का मास्टरमाइंड कौन है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रथमदृष्टया इस वारदात के पीछे साइबर ठगों के गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
पत्रकार नगर थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। धमकी देने वाले नंबर से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन कर अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेगी।
अनिल कुमार की रिपोर्ट