Bihar Crime: खेत में फसल की रखवाली करने पहुंचे किसान की संदिग्ध मौत, गमछे से गला घोंटने का आरोप
Bihar Crime: बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के पैठानी चक स्थित तेलिया बागी में खेत से करीब 50 वर्षीय किसान बिहारी महतो का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
Bihar Crime: बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के पैठानी चक स्थित तेलिया बागी में सोमवार सुबह खेत से करीब 50 वर्षीय किसान बिहारी महतो का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, बिहारी महतो के खेत में लगी बैंगन और परवल की फसल लगातार चोरी हो रही थी। आसपास के किसान भी फसल चोरी की घटनाओं से परेशान थे। इसी वजह से बिहारी महतो सोमवार तड़के करीब चार बजे खेत की निगरानी करने के लिए घर से निकले थे। लेकिन कुछ घंटे बाद खेत में उनका शव मिलने की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया।
परिजनों का आरोप है कि खेत में पहुंचने के बाद बिहारी महतो की कथित तौर पर फसल चोरी करने वालों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान आरोपितों ने खुद को बचाने के लिए बिहारी महतो के गमछे से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।हालांकि, हत्या की यह पूरी कहानी फिलहाल परिजनों के आरोपों पर आधारित है। घटना की वास्तविक वजह क्या थी और किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिहारी महतो की मौत कैसे हुई और घटना के वक्त खेत में कौन-कौन लोग मौजूद थे। फसल चोरी की शिकायतों और मृतक के खेत की निगरानी करने जाने के पहलू को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
किसान की मौत की खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, खेतों में लगातार फसल चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों में भी आक्रोश है।ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर किसान की मौत की असली वजह सामने लाई जाए और यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।फिलहाल पंडारक पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बिहारी महतो की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
रिपोर्ट- रविशंकर