Patna Crime: पटना में हथियारों का जखीरा बरामद, चार गिरफ्तार, बड़े वारदात की साजिश को पुलिस ने किया नाकाम
Patna Crime:राजधानी में भावित आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया गया। ...
Patna Crime:राजधानी में भावित आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिस्टल, मैगजीन, कारतूस, कट्टा और रिवॉल्वर बरामद किए गए हैं। पटना सिटी के खाजेकलां इलाके में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चार लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई लोदी कटरा के पास की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही खाजेकलां थाना पुलिस ने टीम गठित कर बताए गए स्थान की घेराबंदी की और छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से राजा कुमार उर्फ गज्जू (22) और शेखर कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और प्रस्तावित वारदात के पीछे कौन लोग शामिल थे।नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा के मुताबिक, खाजेकलां थाना पुलिस को लोदी कटरा इलाके में दो युवकों के हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधि में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की और दोनों को दबोच लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई छोटी बाजार इलाके में की गई। यहां भी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग और एक युवक को हथियार के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और एक रिवॉल्वर बरामद किया है।दोनों मामलों को लेकर पुलिस आगे की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि गिरफ्तार आरोपियों का किसी आपराधिक गिरोह से ताल्लुक है या नहीं और बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी वारदात में किया जाना था। खाजेकलां इलाके में एक साथ हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।