Patna Crime: पटना पुलिस का कांस्टेबल कौन है जिसने अपनी बहन को मारी गोली, पढ़िए सर्विस रिवॉल्वर से सिस्टर के शूटिंग की पूरी कहानी

Patna Crime: पटना के दानापुर से आई एक सनसनीखेज वारदात ने रिश्तों की उस तस्वीर को सामने ला दिया, जिसे देखकर दिल दहल उठे।...

Patna Horror Cop Shoots Sister Then Dies by Suicide
सर्विस रिवॉल्वर से सिस्टर के शूटिंग की पूरी कहानी- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना के दानापुर से आई एक सनसनीखेज वारदात ने रिश्तों की उस तस्वीर को सामने ला दिया, जिसे देखकर दिल दहल उठे। बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी ही बहन को गोली मार दी और फिर उसी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मारकर जिंदगी खत्म कर ली। एक कमरे में पसरा सन्नाटा जब टूटा, तो सामने दो लाशें थीं—एक भाई की और दूसरी उसी बहन की, जिसकी जिंदगी कभी उसके अपने परिवार की जिम्मेदारी थी।घटना दानापुर के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शव एक ही बेड पर मिले। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय ओमचंद्र उर्फ सोनू और 21 वर्षीय गायत्री देवी के रूप में हुई है। ओमचंद्र बिहार पुलिस में सिपाही था और उसकी पोस्टिंग मोतिहारी में थी।

मौके से पुलिस ने सर्विस रिवॉल्वर, एक पिस्टल, 33 गोलियां और खोखे बरामद किए हैं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के वक्त घर में भाई-बहन के अलावा कोई मौजूद नहीं था।ओमचंद्र मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मरथुआ गांव का रहने वाला था। पिता के निधन के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी। परिवार के मुताबिक, वह कभी-कभी पटना स्थित घर पर भाई-बहनों से मिलने आता था। बताया गया है कि करीब दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। यानी जिंदगी के एक नए सफर की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही सब कुछ उजड़ गया।

परिजन के मुताबिक गायत्री की शादी बक्सर जिले के गायघाट में हुई थी। उसकी मानसिक स्थिति को लेकर परिवार चिंतित था और उसका इलाज मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में चल रहा था। करीब तीन महीने पहले ओमचंद्र उसे अस्पताल से घर लेकर आया था। परिवार का कहना है कि उसकी हालत के कारण ससुराल वाले भी उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं थे।

परिजन ने यह भी बताया कि गायत्री आसपास की दुकानों से सामान उधार लेती थी। बकाया रकम को लेकर दुकानदार ओमचंद्र से भी तकादा करते थे। हाल में कुछ दुकानदारों ने उससे पैसे की मांग की थी। क्या यही पारिवारिक तनाव किसी बड़े विवाद में तब्दील हुआ, यह पुलिस जांच का विषय है।

सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में आपसी विवाद और तनाव की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि ओमचंद्र ने पहले बहन को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि घटना की असल वजह क्या थी, इसे लेकर तफ्तीश जारी है।

एक तरफ वर्दी में कानून की हिफाजत करने वाला भाई था, दूसरी तरफ जिंदगी की जद्दोजहद से जूझती बहन। मगर एक ही कमरे में दोनों की जिंदगी का अंत हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अब जांच की निगाहें इस सवाल पर टिकी हैं कि आखिर उस कमरे में ऐसा क्या हुआ, जिसने एक भाई को अपनी ही बहन की जान लेने और फिर खुदकुशी करने की हद तक पहुंचा दिया।

हीरेश कुमार