Patna Crime: पटना में हैवानियत, बंद कमरे में पत्नी पर ब्लेड से पत्नी पर किया ताबड़तोड़ वार

Patna Crime: पटना के फुलवारी शरीफ में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।...

Patna Husband Attacks Wife With Blade in Phulwari Sharif

Patna Crime: पटना के फुलवारी शरीफ में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर ब्लेड से शरीर के कई हिस्सों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जख्मी महिला को उसके भाइयों ने इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, उसके पति ने पहले उसे कमरे में बंद किया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद ब्लेड से उसके चेहरे, गले, हाथ, सीने और नाक पर कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर ऊपर की मंजिल पर मौजूद उसके भाइयों को घटना की जानकारी हुई। भाइयों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका निकाह नवंबर 2021 में फुलवारी शरीफ के बौली मोहल्ला निवासी साजिद इमाम उर्फ अप्पू, पिता अली इमाम, से हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट और घरेलू काम को लेकर कथित तौर पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।

पीड़िता के अनुसार, 31 अगस्त को पति ने उसका मोबाइल देखा। दूर के रिश्तेदार से हुई बातचीत को लेकर वह भड़क गया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने मोबाइल भी अपने पास रख लिया।

शाम करीब पांच बजे महिला फेडरल कॉलोनी स्थित मायके पहुंची थी। करीब साढ़े छह बजे पति वहां पहुंच गया। उस वक्त उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। आरोप है कि पति उसे एक कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर हमला कर दिया।फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।