Patna Firing: पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग, मनेर में दो लोगों को लगी गोली, 6 लोग घायल, इलाके में दहशत

Patna Firing: पटना में पहले लाठी-डंडे चले, फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। दो लोगों को गोली लगी है....

Patna maner Six Hurt
पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Patna Firing: राजधानी पटना से सटे मनेर थाना क्षेत्र के छिहत्तर गांव में रविवार की सुबह पुरानी अदावत ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली। छेड़खानी के एक महीने पुराने विवाद ने ऐसा सियाह मोड़ लिया कि देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले लाठी-डंडे चले, फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। इलाके में करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग होने की चर्चा है। इस खूनी संघर्ष में दो लोगों को गोली लगी, जबकि कुल छह लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब एक माह पहले गांव में एक छेड़खानी के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी प्राथमिकी भी थाने में दर्ज है। उसी रंजिश की चिंगारी रविवार की सुबह फिर भड़क उठी। बताया जा रहा है कि चितरंजन राय और राजू राय पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से दर्जनों लोग मैदान में उतर आए और मारपीट के साथ गोलियां भी चलने लगीं।

इस गोलीबारी और मारपीट में रुदल राय (22 वर्ष), संदीप कुमार (16 वर्ष), रंजीत राय (42 वर्ष), हरेंद्र राय (42 वर्ष), राजकुमार राय (32 वर्ष) और धर्मेंद्र राय (45 वर्ष) घायल हो गए। इनमें संदीप कुमार और रुदल राय को गोली लगने की सूचना है। सभी घायलों को पहले मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पश्चिम) संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। पूरे गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की दूसरी वारदात को रोका जा सके।

मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गोली चलाने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

फिलहाल छिहत्तर गांव में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर राजधानी से सटे इलाकों की कानून-व्यवस्था और आपराधिक दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज