Atttack on Patna Police:मोकामा में खाकी पर अटैक, आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कातिलाना हमला, 3 पुलिसकर्मी जख्मी
Atttack on Patna Police:बिहार के मोकामा में कानून की रक्षा करने गई पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। ....

Atttack on Patna Police:बिहार के मोकामा में कानून की रक्षा करने गई पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। मरांची थाना क्षेत्र में एक वांछित आरोपी को पकड़ने गई टीम पर उसके पूरे परिवार ने घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में दारोगा, एएसआई और एक सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना ने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है।
घटना मरांची गांव में उस समय घटी, जब थाना में दर्ज एक कांड के आरोपी पोलू सिंह उर्फ धनंजय सिंह को गिरफ्तार करने के लिए सुबह पुलिस की एक टीम दबिश देने पहुंची। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में दारोगा आदर्श कुमार, एएसआई शैलेन्द्र कुमार सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई शैलेन्द्र सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। तीनों को मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद एक को पटना रेफर किया गया है।
थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि, “पुलिस टीम पर जानबूझकर हमला किया गया। आरोपी और उसके परिजन पहले से हमले की तैयारी में थे। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।”
यह घटना पुलिस और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है, जहां अपराधी और उनके परिवारजन बेलगाम होकर कानून के रक्षक पर ही हमला करने से नहीं हिचक रहे हैं। सवाल ये है कि अगर पुलिस ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता कैसे महफूज़ रहेगी?अब देखना होगा कि क्या पुलिस इस हमले का जवाब सख्ती से देती है या यह मामला भी कार्रवाई की खानापूरी तक ही सीमित रह जाएगा।
रिपोर्ट- विकास कुमार