दिल्ली में नौकरी के इंटरव्यू के लिए निकला युवक, पटना में दोस्त के घर पर मिली लाश, मौत पर गहराया रहस्य, पुलिसिया जांच पर सवाल
Patna Crime: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।...
Patna Crime: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों के अनुसार अजय कुमार का बेटा हर्ष कुमार उर्फ भोलू दिल्ली में एक निजी कंपनी के इंटरव्यू के लिए घर से निकला था। उसका मकसद दिल्ली पहुंचकर नौकरी के लिए इंटरव्यू देना था, लेकिन अगले दिन परिवार को जो खबर मिली, उसने पूरे घर में कोहराम मचा दिया।राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 के रहने वाले हर्ष के मौत का मामला गहराता जा रहा है।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में 13 अगस्त की शाम घर से दिल्ली में नौकरी के इंटरव्यू के लिए निकले युवक हर्ष कुमार उर्फ भोलू की अगले दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 निवासी हर्ष के परिजन इस बात को लेकर हैरान हैं कि दिल्ली जाने के लिए घर से निकला युवक आखिर पुस्तकालय लेन स्थित रितिक राज के घर तक कैसे पहुंचा।
परिजनों के मुताबिक 14 अगस्त की सुबह रोहित कुमार ने हर्ष की मां के मोबाइल पर फोन कर बताया कि हर्ष का शव रितिक राज के घर के अंदर बरामदे में चौकी पर पड़ा है। खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां हर्ष मृत अवस्था में मिला। इसके बाद कदमकुआं थाना पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने रितिक राज को हिरासत में लिया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि 15 अगस्त को उसे छोड़ दिया गया। परिवार के अनुसार पूछताछ के दौरान रितिक ने ऋषभ और नमन नाम के दो युवकों का जिक्र किया था और हर्ष के उनके साथ उसके घर पहुंचने की बात सामने आई थी।
यही बिंदु अब मामले में सबसे बड़ा सवाल बन गया है। परिजन पूछ रहे हैं कि अगर ऋषभ और नमन की मौजूदगी या भूमिका का जिक्र सामने आया था तो पुलिस ने उनसे पूछताछ क्यों नहीं की? रितिक को हिरासत में लेने के बाद छोड़ने की वजह क्या थी? हर्ष की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई निशान थे या नहीं? परिवार के लिए सबसे रहस्यमय बात यह है कि 13 अगस्त की शाम दिल्ली जाने के लिए निकला हर्ष अगले दिन पटना में मृत कैसे मिला। परिजनों का कहना है कि घर से निकलने के बाद उनकी हर्ष से बातचीत नहीं हुई थी।
फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से स्पष्ट होगी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस के सामने अब यह पता लगाना अहम है कि हर्ष रितिक के घर तक किसके साथ पहुंचा, वहां क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार