patna crime: राजधानी में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, भाई घायल, इलाके में तनाव,भारी पुलिस बल तैनात
Patna crime:अपराधियों ने कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी है.....
Patna crime: पटना में अपराधियों का तांडव कम होता नही दिख रहा है।बिहार की राजधानी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार की रात करीब 10 बजे मुसल्लहपुर हाट में हथियारबंद अपराधियों ने दो भाइयों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में प्याज कारोबारी सोनू उर्फ सोनी कुमार की मौत हो गई, जबकि उनका भाई अंकित उर्फ आकाश गंभीर रूप से घायल है।सोनू और आकाश मुसल्लहपुर हाट स्थित अपनी दुकान पर थे, तभी दो से तीन अपराधी वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए भाग रहे सोनू को अपराधियों ने दौड़ाकर कनपटी में गोली मार दी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, आकाश की पीठ में गोली लगी है। दोनों को तुरंत PMCH ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार, सिटी एसडीपीओ-1 और एसटीएफ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है।
पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। सिटी एसपी ने बताया कि किसी मामूली विवाद को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है
रिपोर्ट: अनिल कुमार