Patna Crime News: पुलिस को अपराधियों की खुली चुनौती, पटना में फिर फायरिंग, एक और व्यक्ति की मौत, राजधानी में 24 घंटे में दो मर्डर से मचा हड़कंप
Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।...
Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दीदारगंज थाना क्षेत्र के खानपुर इलाके में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल फैल गया है। लगातार 24 घंटे के भीतर यह दूसरी हत्या होने से लोग भयभीत हैं और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय अपराधियों ने खुलेआम वारदात को अंजाम दिया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। मृतक की पहचान रामप्रवेश के रूप में हुई है, जिसे छाती में गोली मारी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे मृतक की किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद लगभग 8:30 बजे गोलियों की आवाज सुनाई दी। जब लोग खेत की तरफ पहुंचे तो रामप्रवेश का शव पड़ा हुआ मिला। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले किसी तरह की झड़प हुई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अवधेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी थाना क्षेत्र में 24 घंटे पहले एक कॉलेज छात्र हर्ष की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, और उस मामले में अब तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार दो हत्याओं ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, मृतक की आखिरी बातचीत सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति से हुई थी, जिसके बाद यह वारदात हुई। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन लगातार हो रही वारदातों ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- रजनीश कुमार