Patna police encounter: सुबह सुबह पटना के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, पैक्स अध्यक्ष के तीनों हत्यारे ढेर, SHO रजनीश कुमार घायल
Patna police encounter: पैक्स अध्यक्ष भोलू की हत्या में शामिल तीन शातिर अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गए हैं।
Patna police encounter:बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच एक ऐतिहासिक और बड़ी मुठभेड़ हुई। शेरपुर गंगा घाट के समीप हुई इस खूनी मुठभेड़ में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल तीन शातिर अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गए हैं। मारे गए इन तीनों अपराधियों की पहचान राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव के रूप में की गई है।
इस भीषण गोलीबारी की चपेट में आने से मनेर थाना के थानाध्यक्ष (SHO) रजनीश कुमार भी जख्मी हो गए, जिनके हाथ में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। घायल थाना प्रभारी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मारे गए तीनों अपराधियों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजना शुरू कर दिया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
महाअष्टमी की रात पैक्स अध्यक्ष की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि नवरात्रि की महाअष्टमी (19 अक्टूबर) की रात मनेर के ब्यापुर गांव में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। रविवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार अपने दलान पर बैठे हुए थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे थे। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी थीं।
इस दौरान अपराधियों ने मौके पर करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाई थीं, जिससे दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े थे। अस्पताल में इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अब पुलिस मुठभेड़ में उस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों के मारे जाने से एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र का अंत हो गया है। पुलिस घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये अपराधी किस अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यहां जुटे थे।
ब्यूरो रिपोर्ट
(खबर अपडेट हो रही है)