पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : वाहन चेकिंग के दौरान बरामद किया भारी मात्रा में हथियार और कारतूस
Bihar Crime : पटना के बिहटा और रानी तालाब थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।वहीं रानी तालाब में बिना रिन्यूअल के लाइसेंसी हथियार रखने वालों पर पुलिस का डंडा चला है...
Patna : राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटना पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर की जा रही रेंडम वाहन चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है, वहीं लापरवाही बरतने वाले लाइसेंस धारकों पर भी कानूनी शिकंजा कसा गया है।
लावारिश हालत में पड़ी गाड़ी से बरामद हुआ कई हथियार
पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई बिहटा थाना क्षेत्र के कनपा मुख्य मार्ग स्थित राघोपुर गांव के पास हुई। पुलिस की टीम को देखते ही एक चार पहिया वाहन पर सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब लावारिस हालत में खड़ी उस गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से 2 अवैध देसी पिस्टल, 1 मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए फरार अभियुक्तों की पहचान और उनकी तलाश में जुट गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई रानी तालाब थाना क्षेत्र में की गई, जहाँ जांच के दौरान पुलिस ने दो हथियार बरामद किए। पूछताछ में संबंधित व्यक्तियों ने बरामद 1 राइफल और 1 पिस्टल को लाइसेंसी बताया, लेकिन जांच करने पर पता चला कि उनके शस्त्र लाइसेंस का समय पर रिन्यूअल (नवीनीकरण) नहीं कराया गया था। इन हथियारों के साथ ही पुलिस ने कुल 33 जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। तकनीकी रूप से बिना रिन्यूअल के हथियार रखना अवैध श्रेणी में आता है, जिसके कारण पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया।
हथियार का लाइसेंस वैध नहीं होने पर होगा जप्त
पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी हथियार अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) धारकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास वैध हथियार हैं, वे समय रहते अपने कागजात और लाइसेंस का रिन्यूअल जरूर करा लें। यदि जांच के दौरान किसी का भी शस्त्र लाइसेंस वैध नहीं पाया गया, तो पुलिस न केवल उनके हथियार जब्त करेगी, बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस इन दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। बिहटा मामले में अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन अवैध हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं किया जाना था। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की रेंडम वाहन चेकिंग और सघन तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगा।
कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट