पटना में सूरज गुप्ता हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, खून से सना कपड़ा बरामद

पुलिस के अनुसार, वारदात 28 जुलाई 2026 की देर रात करीब एक बजे टिकियाटोली, छोटी बाजार इलाके में हुई। मृतक सूरज कुमार गुप्ता पर आरोपी आकाश कुमार ने धारदार हथियार से कई वार किए।

Patna Police
Patna Police - फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र में हुए सूरज कुमार गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सना जींस पैंट भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है।


पुलिस के अनुसार, वारदात 28 जुलाई 2026 की देर रात करीब एक बजे टिकियाटोली, छोटी बाजार इलाके में हुई। मृतक सूरज कुमार गुप्ता पर आरोपी आकाश कुमार ने धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में सूरज के पीठ, चेहरे और पेट पर गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलने के बाद खाजेकलां थाना में कांड संख्या 488/26 दर्ज किया गया और मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर घटना के करीब 12 घंटे के भीतर 24 वर्षीय आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहना गया खून से सना जींस पैंट भी बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी दुश्मनी को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है।


फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पटना पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड का तेजी से खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

रंजीत की रिपोर्ट