Patna Crime: सुबह-सुबह गोलियों की गूंज से दहला पटना, लूटपाट के दौरान ड्यूटी जा रहे सरकारी शिक्षक को अपराधियों ने मारी मारी गोली, हालत नाजुक
Patna Crime: राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। तड़के सुबह स्कूल ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक शंभू कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी।
Patna Crime: राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला अगमकुआं थाना क्षेत्र के भागवत नगर इलाके का है, जहां बुधवार की तड़के सुबह स्कूल ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक शंभू कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 5 बजे की है। बताया जा रहा है कि शिक्षक रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। जब शिक्षक ने विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने शिक्षक को दो गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए। शिक्षक शंभू कुमार नालंदा के गोपालपुर चंड़ी में कार्यरत है।
गोली लगते ही शिक्षक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिक्षक को तुरंत बाईपास थाना क्षेत्र स्थित फोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के विरोध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से तहकीकात कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सुबह-सुबह इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल अगमकुआं थाना पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार