पटना में दबंगों का तांडव, बीच सड़क बहा खून, ट्रांसपोर्ट विवाद में 20 लोगों ने युवक पर किया हमला, हालत गंभीर

Patna Crime: राजधानी पटना के कदमकुआं थाना इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ज्ञान गंगा के पीछे वाली गली में एक युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा मिला।...

Patna Youth Brutally Assaulted Over Transport Dispute
पटना में दबंगों का तांडव- फोटो : social Media

Patna Crime: राजधानी पटना के कदमकुआं थाना इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ज्ञान गंगा के पीछे वाली गली में एक युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा मिला। बीच सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इलाके में कुछ देर के लिए दहशत और सनसनी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए PMCH भेजा गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े विवाद में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है।

घायल युवक की पहचान सौरभ शर्मा के रूप में हुई है, जो औरंगाबाद जिले के दाउदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने हमलावरों से बचकर भागने की कोशिश की थी, लेकिन दूसरे ट्रांसपोर्टर ग्रुप के लोगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडे और मुक्कों से उसकी जमकर पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या 15 से 20 के बीच थी। बदमाश युवक को बुरी तरह जख्मी कर सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मामले को लेकर टाउनडीएसपी ने बताया कि घायल युवक फिलहाल खतरे से बाहर है। इलाज के बाद वह अपने भाई के कमरे पर चला गया है। अभी तक पीड़ित की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, हालांकि आवेदन देने की बात कही गई है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ट्रांसपोर्टरों के बीच पुराना विवाद सामने आया है, जिसकी वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और इलाके के CCTV फुटेज समेत अन्य सबूत खंगाले जा रहे हैं।