Bihar Crime: बिहार में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार,चार करोड़ से ज्यादा की ब्राउन शुगर की खेप ने उड़ाए होश

Bihar Crime: नशे के खिलाफ पूर्णिया पुलिस की सख्ती और तत्परता से नशे के कारोबार से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।...

Purnia Police Seize Brown Sugar
नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नशे के खिलाफ पूर्णिया पुलिस की सख्ती और तत्परता से नशे के कारोबार से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। टीकापट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 2 किलो 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करते हुए चार महिला समेत छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत पुलिस के मुताबिक चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।दरअसल, पूर्णिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप इलाके में पहुंचने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने एसडीपीओ धमदाहा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम को तस्करों तक पहुंचने और खेप को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टीकापट्टी थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया।कार रुकते ही पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार चार महिलाओं और दो पुरुषों के पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल नशीला पदार्थ और कार को जब्त कर लिया तथा सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद 2.130 किलो ब्राउन शुगर की कीमत करीब चार करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे पूर्णिया समेत किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी।

पूर्णिया के एएसपी आलोक रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। खासकर चार महिला समेत छह लोगों की गिरफ्तारी से यह भी संकेत मिला है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में अलग-अलग स्तर पर लोगों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में आगे की कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट- अंकित कुमार