पटना मे बेखौफ अपराधियो का तांडव : दिनदहाड़े घर में घुसकर फल विक्रेता को चाकुओं से गोदा, हालत गंभीर

पटना एकबार फिर अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया है। राजधानी पटना से सटे फतुहा में बेखौफ अपराधियो ने घर में घुसकर एक फल विक्रेता को चाकू से गोद डाला है। युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए पीएमसीएच मे भर्ती कराया गया है...

पटना मे बेखौफ अपराधियो का तांडव : दिनदहाड़े घर में घुसकर फल
पटना में फल विक्रेता को चाकू से गोदी- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड इलाके में मंगलवार की दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपने घर में आराम कर रहे एक फल विक्रेता युवक पर अपराधियों ने धारदार हथियारों (चाकुओं) से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।


स्कूल से लौटी बेटी ने देखा खून से लथपथ पिता, मचाया शोर

पीड़ित की पहचान फतुहा स्टेशन रोड निवासी रामप्रसाद साव के 40 वर्षीय पुत्र बिनोद साव के रूप में हुई है, जो पेशे से फल विक्रेता हैं। दोपहर के समय वे अपने घर के कमरे में आराम कर रहे थे, तभी घात लगाए अपराधी घर में दाखिल हुए और उन पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब बिनोद साव की बेटी स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटी। पिता को खून से लथपथ हालत में देख उसने चीखना-चिल्लाना शुरू किया, जिसके बाद भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।


सिर और गर्दन पर गहरे जख्म, फतुहा से पटना रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही फतुहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी बिनोद साव को फतुहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अपराधियों के हमले से युवक के सिर, चेहरे और गर्दन पर चाकुओं के कई गहरे और गंभीर निशान थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया, जहाँ वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।


डीएसपी और थानाध्यक्ष पहुंचे मौके पर, जांच के लिए बुलाई गई एफएसएल टीम

वारदात की गंभीरता को देखते हुए फतुहा डीएसपी-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने वारदात वाले कमरे का बारीकी से मुआयना किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल और कमरे की दीवारों व फर्श से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, गश्त बढ़ाने की मांग

डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना के असली कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए स्टेशन रोड और आसपास के मकानों व दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।


रजनीश की रिपोर्ट