Bihar News: सपनों का सन्नाटा,मेडिकल की तैयारी कर रहे 19 साल के छात्र ने खत्म की जीवन लीला, सदमे में परिवार
Bihar News: मेडिकल की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर जिंदगी को अलविदा कह दिया।...
Bihar News: मेडिकल की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर जिंदगी को अलविदा कह दिया। इस दर्दनाक वाकये के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर युवाओं के मानसिक तनाव और अकेलेपन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।रोहतास जिले के डेहरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
मृतक की पहचान अंकित शेखर (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो डेहरी थाना क्षेत्र के धनटोलिया मोहल्ले में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। अंकित के पिता अमित कुमार रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं और करबंदीया रेलवे स्टेशन पर पदस्थापित बताए जाते हैं। घटना के समय वे पटना में थे।
जानकारी के मुताबिक अंकित धनटोलिया में रमन सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था। बुधवार को उसकी मां मीनाक्षी वर्मा घर पर ही थीं। बताया जाता है कि जब उसकी मां स्नान करने के लिए बाथरूम में गईं, उसी दौरान अंकित ने अपने कमरे में लगे पंखे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब मां बाथरूम से बाहर निकलीं और बेटे को इस हालत में देखा, तो उनकी चीख निकल गई।
मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घर के अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
बताया जा रहा है कि अंकित दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई पटना में रहकर किसी अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। वहीं अंकित डेहरी में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटा था। परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई को लेकर काफी तनाव और डिप्रेशन में था।
सूत्रों की मानें तो पुलिस को उसके कमरे से डिप्रेशन की दवाइयां भी मिली हैं, जिससे यह आशंका और गहरा गई है कि वह मानसिक दबाव से जूझ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और कमरे की बारीकी से जांच कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं सूचना मिलते ही पिता अमित कुमार भी डेहरी पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों ने एक होनहार छात्र को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
रिपोर्ट- रंजन कुमार