Bihar Crime News:अपराधियों ने युवक को मारी गोली, प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर,वारदात के बाद सभी फरार

Bihar Crime News:रोहतास के चेनारी थाना के पास अपराधियों ने युवक को गोली मार दी है...

Rohtas Teen Shot in Chest by Friends Near Chenari Block Offi
अपराधियों ने युवक को मारी गोली- फोटो : social Media

Rohtas: चेनारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। प्रखंड कार्यालय के पास कुछ युवकों के बीच चल रही हंसी-मजाक और मामूली कहासुनी अचानक खूनी खेल में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त 17 वर्षीय ददन बिन्द के सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।

घायल युवक की पहचान करमचट थाना क्षेत्र के पुढारी गांव निवासी गोरख बिन्द के बेटे ददन बिन्द के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम चार-पांच युवक चेनारी प्रखंड कार्यालय के पास जमा थे। सभी के बीच बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते एक युवक ने कथित तौर पर ददन पर फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही ददन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल ददन को तत्काल चेनारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक घायल युवक के सीने से गोली निकाल ली गई है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक ददन और आरोपी युवकों के बीच काफी गहरी दोस्ती थी। सभी ने इंटर तक की पढ़ाई भी साथ की थी। परिवार का आरोप है कि दोस्तों ने ही फोन कर ददन को प्रखंड कार्यालय के पास बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद उसे गोली मार दी गई।घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब वारदात के पीछे की असली वजह तलाश रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

एक तरफ दोस्ती का भरोसा और दूसरी तरफ उसी दोस्त पर गोली इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि आखिर मामूली कहासुनी के पीछे ऐसी कौन-सी वजह थी, जिसने दोस्तों को ही एक-दूसरे का दुश्मन बना दिया।