Bihar Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा मंदिर, एक व्यक्ति घायल, ग्रामीणों ने महंत को बनाया बंधक

Bihar Crime: महंत और उनके समर्थकों तथा ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

Bihar Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा मंदिर, एक व्यक्ति
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा मंदिर- फोटो : reporter

Bihar Crime: सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र स्थित संत कारू बाबा मंदिर परिसर में पुराने विवाद ने रविवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया। महंत और उनके समर्थकों तथा ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने से चोट आई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। दोनों घायलों का इलाज कराया गया और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि मंदिर के महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों पर कुछ ग्रामीणों पर गोली चलाने का आरोप लगा है। गोलीबारी के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

गोलीकांड के बाद ग्रामीणों ने महंत को बनाया बंधक

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों को मंदिर परिसर में ही रोक लिया। पुलिस को महंत की एक गाड़ी में आग लगाए जाने की सूचना भी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिषी थानाध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, सहरसा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में करने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद मंदिर परिसर की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है और पुलिस अब हथियारों के स्रोत समेत गोलीबारी की पूरी कड़ी की पड़ताल कर रही है।

महंत समेत कई गिरफ्तार, समर्थकों का सत्यापन जारी

ग्रामीणों के विरोध के बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे महंत निरंजन यादव समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर थाना भेज दिया। वहीं मंदिर परिसर में ग्रामीणों द्वारा महंत के कुछ अन्य समर्थकों को रोके जाने की सूचना के बाद पुलिस उनका सत्यापन कर रही है।पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि गोलीबारी के अलावा विधि-व्यवस्था भंग करने वालों की भी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश में जुटी है। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की दोबारा अप्रिय स्थिति पैदा न हो। पुराने विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- छोटू सरकार