Bihar Crime: तीन दिन से लापता किशोरी का सड़क किनारे गड्ढे में मिला शव, इलाके में कोहराम

Bihar Crime: तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी की तलाश उस वक्त मातम में बदल गई, जब उसका शव सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला।

Bihar Crime: तीन दिन से लापता किशोरी का सड़क किनारे गड्ढे मे
तीन दिन से लापता किशोरी का मिला शव- फोटो : reporter

Bihar Crime: तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी की तलाश मंगलवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई, जब उसका शव सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला। सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। वहीं परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की 15 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मधु तीन अक्टूबर से अचानक घर से लापता थी। 

उसके घर नहीं लौटने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रिश्तेदारों के घर से लेकर आसपास के संभावित स्थानों तक खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सबसे अहम बात यह है कि किशोरी किन परिस्थितियों में घर से निकली और उसका शव सड़क किनारे गड्ढे तक कैसे पहुंची, जिसको लेकर स्थानीय थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। 

मंगलवार की सुबह मांझी- एकमा मुख्य मार्ग पर हलखोरी साह उच्च विद्यालय के समीप सड़क किनारे गड्ढे में एक किशोरी का शव पड़े होने की जानकारी लोगों को मिली। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में यह खबर मृतका के परिजनों तक भी पहुंची। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मधु कुमारी के रूप में की। 

घटना की सूचना मिलने पर मांझी थाने के थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। किशोरी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार में पांच बहनों और एक भाई में मधु एक थी। जिस बेटी की तीन दिनों से सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए परिवार उसकी तलाश कर रहा था, उसका शव मिलने की खबर ने सभी को झकझोर दिया है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी