शर्मनाक : 6 साल की मासूम से 65 वर्षीय रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
Chapra : सारण जिले के एक गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां छह वर्षीय एक मासूम बच्ची के साथ उसके 65 वर्षीय रिश्तेदार (बड़े पापा) द्वारा दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
30 जून की रात की है घटना, वीडियो सामने आने पर हुआ खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 जून की रात की बताई जा रही है। घटना के बाद जब बच्ची की तबीयत बिगड़ी, तो परिजनों ने उसका इलाज कराया, लेकिन उस समय उन्हें पूरी सच्चाई का पता नहीं चल सका। मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब घटना से संबंधित एक वीडियो पीड़िता की मां के हाथ लगा। वीडियो देखने के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पानापुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मशरक के एसडीपीओ (SDPO) संजय कुमार सुधांशु ने पानापुर थाना और घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, सोमवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मेडिकल जांच के लिए छपरा भेजी गई पीड़िता, जांच जारी
पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण (Medical Examination) के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस मामले से जुड़े वीडियो और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है ताकि दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
धर्मेन्द्र की रिपोर्ट