सीतामढ़ी: निगरानी ब्यूरो का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते पुपरी अंचल निरीक्षक कार्यालय का रीडर गिरफ्तार

Bihar Crime : निगरानी की टीम एकबार फिर एक भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी को घूस लेते गिरफ्तार किया है। कर्मचारी नाबालिग का नाम केस से हटाने के बदले में घूस मांग रहा था। निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोचा है...

सीतामढ़ी: निगरानी ब्यूरो का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते पुपरी अं
रिश्वत लेते पुपरी अंचल निरीक्षक कार्यालय का रीडर गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Sitamarhi/Patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सीतामढ़ी जिले के पुपरी पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय में कार्यरत पीटीसी-सह-रीडर गोविंद कुमार चौधरी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे पटना मुख्यालय लाया गया है।


जानकारी के अनुसार, बोखरा थाना क्षेत्र के पतनुका गांव निवासी जय शंकर शर्मा ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि बोखरा थाना कांड संख्या 109/26 में दर्ज धाराओं को कम करने और उनके नाबालिग भांजे का नाम केस से हटाने के एवज में रीडर गोविंद कुमार चौधरी द्वारा मोटी रकम की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान निगरानी ने आरोपों को सही पाया, जिसके बाद कार्रवाई के लिए एक विशेष धावादल का गठन किया गया।


निगरानी ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक कृपाल चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को पुपरी अंचल कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने आरोपी रीडर को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से सतर्क निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। आरोपी को आवश्यक पूछताछ के बाद मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।


निगरानी ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, भ्रष्टाचार के विरुद्ध वर्ष 2026 में यह 54वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस वर्ष अब तक ट्रैप (रंगे हाथ पकड़ने) के कुल 49 मामले सामने आए हैं, जिनमें 47 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्यूरो ने बताया कि इस साल अब तक कुल 17,88,200 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। पिछले वर्ष (2025) में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे, जिसमें करीब 37 लाख से अधिक की राशि बरामद हुई थी।


इस गिरफ्तारी के साथ ही निगरानी ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार फैलाने वालों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी सेवक किसी जायज काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत निगरानी विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर दें। फिलहाल, आरोपी के संपर्कों और अन्य संभावित संलिप्तताओं की जांच के लिए आगे का अनुसंधान जारी है।


अनिल की रिपोर्ट