Bihar Crime: जिला पार्षद के पति की हत्या के बाद बेकाबू भीड़ ने आरोपी का घर फूंका, पुलिस पर किया हमला,थानाध्यक्ष - आईओ सस्पेंड
जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य खुशीला देवी के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद लोगों का आक्रोश भड़क गया....
Bihar Crime: सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य खुशीला देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही वह वहीं ढेर हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद भड़का आक्रोश
हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और कथित आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया गया। इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालात को काबू करने के लिए 12 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। एसपी और एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे।
उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को बनाया निशाना
स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी आक्रोशित भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार का सिर फूट गया। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपद्रव के दौरान पुलिस की करीब आठ गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
थानाध्यक्ष और आईओ निलंबित
मामले में एसपी ने कड़ा एक्शन लेते हुए डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और आईओ आदित्य कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र वापस बुला लिया। एसपी के मुताबिक दोनों की कार्यशैली में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अपराध नियंत्रण में विफलता और विधि-व्यवस्था में शिथिलता सामने आई है।
पहले भी फायरिंग की शिकायत का दावा
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि 28 अगस्त की देर रात जिला पार्षद के आवास पर कथित तौर पर दो बार फायरिंग हुई थी, लेकिन थाना स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी मुद्दे को लेकर 8 सितंबर को सैकड़ों ग्रामीण डुमरा थाना पहुंचे थे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था।
जांच और कानून-व्यवस्था बड़ी चुनौती
अब बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान, हत्या की वजह का खुलासा और इलाके में अमन-चैन कायम रखने की बड़ी चुनौती है। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।