सीवान मंडल कारा में DM की अचानक छापेमारी, मोबाइल बैटरी और घड़ी के स्ट्रैप मिले
डीएम ने बताया कि जेल में सीसीटीवी कैमरे और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन निर्धारित क्षमता से लगभग 10 से 20 प्रतिशत अधिक कैदी बंद हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश द
Bihar News : सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल के सभी वार्डों, कोठरियों और संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली गई। जांच के क्रम में मोबाइल फोन की बैटरी और घड़ी के स्ट्रैप समेत कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। हालांकि, डीएम ने जेल की समग्र व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि जेल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा के लिए समय-समय पर इस तरह की औचक जांच की जाती है। इस दौरान प्रत्येक वार्ड, कोठरी, आइसोलेशन यूनिट, मेडिकल वार्ड और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन स्थानों की भी तलाशी ली गई, जहां सामान्य निगरानी के दौरान पहुंचना मुश्किल होता है।
डीएम ने बताया कि जेल में सीसीटीवी कैमरे और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन निर्धारित क्षमता से लगभग 10 से 20 प्रतिशत अधिक कैदी बंद हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर निर्धारित करने और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल वार्ड के साथ बच्चों और एचआईवी संक्रमित बंदियों के लिए निर्धारित हिस्सों की व्यवस्था भी देखी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जेल में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए नियमित छापेमारी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) निर्धारित किया गया है। इसके तहत एडीएम और एसडीएम के नेतृत्व में लगातार औचक जांच की जाएगी।
बरामद आपत्तिजनक सामानों के मामले में प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रंजीत की रिपोर्ट