Bihar Police: दारोगा सस्पेंड, थानेदार पर निलंबन की लटकी तलवार, देर रात एसएसपी ने रंगे हाथ पकड़ा, मांगा स्पष्टीकरण, पुलिस विभाग में मचा है हड़कंप

Bihar Police: बिहार में बढ़ती आपराधिक वारदातों के बीच पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने देर रात थाना का औचक निरीक्षण कर दिया।

Muzaffarpur SSPs Midnight Raid SHO Found Resting Seeks Reply
थानेदार पर निलंबन की लटकी तलवार- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार में बढ़ती आपराधिक वारदातों के बीच पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वरीय पुलिस अधीक्षक ने देर रात  थाना का औचक निरीक्षण कर दिया। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने विभागीय अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए। मुजफ्फरपुर एसएसपी के सख्त तेवर देखते हुए अब मिठनपुरा थाना प्रभारी से जवाब-तलब किया गया है कि आखिर उन्हें क्यों न निलंबित कर दिया जाए।

दरअसल मंगलवार की शाम सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता इलाके में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में धावा बोलकर लूट की संगीन वारदात को अंजाम दिया था। इस दुस्साहसी घटना के बाद जिले भर में कानून-व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी थी कि वे अपने-अपने इलाकों में खुद गश्त करें और हालात पर पैनी नजर रखें।

लेकिन जब एसएसपी खुद हकीकत जानने के लिए देर रात मिठनपुरा थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी थाने में ही मौजूद मिले। सूत्रों के मुताबिक, वे फील्ड में भ्रमणशील रहने के बजाय थाने में आराम फरमा रहे थे। यह देख एसएसपी का पारा चढ़ गया। मौके पर ही उन्होंने थानाध्यक्ष को कड़ी फटकार लगाई और अनुशासनहीनता पर गहरी नाराजगी जताई।

एसएसपी ने साफ शब्दों में पूछा कि जब स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में गश्त करें, तो फिर वे थाने में क्यों बैठे थे? इसी के साथ उनसे लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है और पूछा गया है कि आखिर उन्हें निलंबित क्यों न किया जाए।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। सूत्र बताते हैं कि अन्य थाना प्रभारियों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शहर में बढ़ते अपराध के बीच एसएसपी का यह सख्त रुख साफ संकेत दे रहा है कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट- मनीभूषण शर्मा