Bihar News: बिहार में अवैध अस्पतालों पर कसा शिकंजा, अल्ट्रासाउंड सेंटर और CN नर्सिंग होम सील, बिजली भी कटी
Bihar News: नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।...
Bihar News: सुपौल के त्रिवेणीगंज बाजार में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आवश्यक पंजीकरण और वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर और सीएन नर्सिंग होम को सील कर दिया गया। दोनों संस्थानों की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है। कार्रवाई के बाद अवैध तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।
मामले में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार की शिकायत पर त्रिवेणीगंज थाने में दोनों संस्थानों के संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने केस नंबर 339/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी उपाधीक्षक के आवेदन के अनुसार, 8 अगस्त को खादी भंडार के सामने संचालित उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर की बीडीओ और पुलिस गश्ती दल ने जांच की थी। जांच के दौरान सेंटर के पास जरूरी रजिस्ट्रेशन और वैध कॉन्ट्रैक्ट नहीं होने की बात सामने आई। टीम को सेंटर के अंदर अल्ट्रासाउंड से संबंधित उपकरण और फर्नीचर भी मिले। इन सभी सामानों की सूची तैयार कर शिकायत के साथ संलग्न की गई है।प्रारंभिक जांच में स्वास्थ्य विभाग ने जरेला निवासी सदानंद यादव के बेटे नवनीत कुमार को सेंटर का संचालक बताया है।
इसी दौरान खादी भंडार के बगल में संचालित सीएन नर्सिंग होम की भी जांच की गई। यहां भी आवश्यक पंजीकरण और वैध दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई। जांच टीम को नर्सिंग होम के अंदर कई मेडिकल उपकरण और फर्नीचर मिले, जिनकी सूची तैयार की गई।
प्रारंभिक जांच में विभाग ने गोनहा वार्ड नंबर-8 निवासी गंगा यादव के बेटे संजय कुमार को नर्सिंग होम का संचालक बताया है।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी स्वास्थ्य संस्थानों की वैधता और जरूरी मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।