Bihar Crime: गुरुजी की डर्टी गैलरी का पर्दाफाश, ANM स्कूल में प्रिंसिपल का मोबाइल कांड, 150 तस्वीरों से मचा बवाल
Bihar Crime: बिहार के एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एंड हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संस्थान के पुरुष प्रिंसिपल की डिजिटल करतूत उजागर हो गई।
Bihar Crime: बिहार के एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एंड हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संस्थान के पुरुष प्रिंसिपल की डिजिटल करतूत उजागर हो गई। ड्यूटी के दौरान मोबाइल में तस्वीरें ज़ूम कर निहारते हुए पकड़े गए साहब की स्क्रीन पर महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें चमक रही थीं वो भी अलग-अलग एंगल से। फिर क्या था, एतराज़ से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हंगामे में तब्दील हो गया। मामला सुपौल ज़िले के निर्मली स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एंड हॉस्टल का है।
सूत्रों के मुताबिक, एक महिला शिक्षिका की नज़र जैसे ही मोबाइल स्क्रीन पर पड़ी, उन्होंने तत्काल आपत्ति जताई। बात बढ़ी तो मोबाइल की गैलरी चेक हुई और जनाब की ‘कलेक्शन’ देखकर सब सन्न! दो महिला शिक्षिकाओं की करीब 150 तस्वीरें बरामद हुईं। सवाल यह कि शिक्षा का मंदिर है या ‘स्टोरेज डिवाइस’? काफी देर तक चले दबाव और बहस के बाद फोटो डिलीट कर दी गईं, मगर सवालात हवा में तैरते रहे।
प्रिंसिपल साजिद इकबाल कैफ़ी ने तस्वीरें होने की बात कबूल की, मगर सफाई दी कि फोटो इंस्टाग्राम से डाउनलोड की गई थीं। क्यों रखीं? इस पर ख़ामोशी। हंगामा बढ़ा तो पुलिस पहुंची और जांच शुरू हुई। उधर, संस्थान की महिला शिक्षिकाओं और कर्मियों में गुस्सा है कहना है कि कार्यस्थल की मर्यादा और सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जहां बड़ी तादाद में लड़कियां तालीम हासिल करती हों, वहां ऐसे वाकये बेचैनी बढ़ाते हैं।
जिला प्रशासन ने फौरन दखल दिया। डीएम सावन कुमार के निर्देश पर जांच का जिम्मा निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा को सौंपा गया। एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, बीडीओ आरुषि शर्मा, सीओ विजय प्रताप सिंह और थाना टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।
जब संस्कार पढ़ाने वाले ही स्क्रीनशॉट में उलझ जाएं, तो भरोसे की नींव दरकती है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर हैंअनुशासन और आचरण की गंभीर चूक? संस्थान में फिलहाल सन्नाटा है, मगर सवालों का शोर थमने वाला नहीं।