Bihar Crime: हाजीपुर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर को कराया गया खाली, मचा हड़कंप

Bihar Crime:हाजीपुर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है। ...

व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी- फोटो : reporter

Bihar Crime:हाजीपुर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है। आनन-फानन में एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर सदर एसडीपीओ दलबल के साथ कोर्ट पहुंचे और पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर से बम निरोधक दस्ता को भी बुलाया गया है। अफरा-तफरी के बीच सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि न्यायालय के ईमेल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा मेल भेजा गया है, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई है।

एहतियात के तौर पर कोर्ट में एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है और किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, कोर्ट परिसर से अधिवक्ताओं, आम लोगों और दुकानदारों को बाहर निकाला जा रहा है ताकि बम निरोधक दस्ता द्वारा सघन जांच की जा सके।इसके साथ ही कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आस-पास स्थित सभी सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार