Bihar Crime: पिस्टल की नोक पर 12 लाख की लूट, स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों नें बनाया निशाना, बेखौफ बदमाश सोना-चांदी लेकर हो गए फरार

Bihar Crime: बिहार के अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Vaishali Armed Robbers Loot 12 Lakh Worth of Gold and Silver
पिस्टल की नोक पर 12 लाख की लूट- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, स्वर्ण व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर देर रात घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल तानकर व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद सोना-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हो गई। अपराधियों की तेजी और हथियारों के कारण व्यवसायी को विरोध करने का मौका तक नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बेलसर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली पुलिस ने जिले की सीमाओं पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

वैशाली के पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा कर रही है।इस घटना ने एक बार फिर स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण कारोबारियों में भय का माहौल है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस सनसनीखेज लूटकांड के आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में लाया जाता है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार