वैशाली में खौफनाक कत्ल, फूस के घर में सो रहे दिव्यांग का गला रेतकर बेरहमी से कत्ल, गांव में दहशत

Bihar Crime: अज्ञात कातिलों ने फूस के घर में सो रहे एक दिव्यांग व्यक्ति का गला रेतकर बेरहमी से कत्ल कर दिया।...

Vaishali Disabled Man Found Throat Slit to Death in Village
वैशाली में खौफनाक कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime:वैशाली जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधि नरेंद्र गांव में अज्ञात कातिलों ने फूस के घर में सो रहे एक दिव्यांग व्यक्ति का गला रेतकर बेरहमी से कत्ल कर दिया। रविवार सुबह वारदात का खुलासा होते ही गांव में सनसनी फैल गई। हत्या की इस वारदात से इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गई।

मृतक की पहचान शंकर सिंह के रूप में हुई है, जो दिव्यांग थे। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात वह रोज की तरह भोजन करने के बाद अपने घर के बगल में बने फूस के मकान में सोने चले गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकले तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उनका भाई जब कमरे के अंदर पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। शंकर सिंह का शव बिस्तर पर पड़ा था और उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था। खून से लथपथ शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, शंकर सिंह अविवाहित थे और दिव्यांग होने के कारण घर के पास बने अलग फूस के मकान में अकेले रहते थे। परिवार में कुल पांच भाई थे, जिनमें एक की पहले ही मौत हो चुकी है। फिलहाल परिजन किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे हत्या की गुत्थी और उलझ गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल और एफएसएल की विशेष टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट समेत कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को कितने बदमाशों ने अंजाम दिया और वे किस रास्ते से आए तथा फरार हुए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के समय और तरीके को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि दिव्यांग व्यक्ति का शव उनके बिस्तर पर गला कटा हुआ मिला है। पुलिस आपसी रंजिश, निजी दुश्मनी, लूटपाट या अन्य संभावित एंगल को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर अज्ञात कातिलों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। वहीं इस निर्मम हत्या ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार