Bihar Police Encounter:डबल मर्डर के हत्यारे को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली, फायरिंग कर भागने की कोशिश को खाकी ने किया नाकाम, इलाके में हड़कंप

Bihar Police Encounter: वैशाली जिले में आर्मी जवान और उनके पिता की सनसनीखेज हत्या के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी जगदीश राय को मुठभेड़ में दबोच लिया।...

Vaishali Double Murder Accused Shot While Fleeing Police Enc
डबल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Police Encounter:  वैशाली जिले में आर्मी जवान और उनके पिता की सनसनीखेज हत्या के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी जगदीश राय को मुठभेड़ में दबोच लिया। आरोपी और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में जगदीश राय के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, डबल मर्डर की वारदात के बाद से ही आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र से कुछ किलोमीटर दूर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इलाके में पहुंची।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के करीब पहुंची, उसने खुद को घिरा देखकर हथियार निकाल लिया और पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। अचानक हुई गोलीबारी से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी जगदीश राय के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी और वह वहीं घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे कब्जे में लिया और आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल पहुंचे वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसकी स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस वाहन पर भी दो राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल पर पहुंचकर मुठभेड़ से जुड़े सभी साक्ष्यों को खंगाला जाएगा।

बता दें  इससे पहले आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। वारदात के बाद पुलिस पर आरोपी की गिरफ्तारी का दबाव था। अब मुख्य आरोपी के घायल होने के बाद पुलिस डबल मर्डर की पूरी साजिश, हत्या के कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुट गई है। फिलहाल राहत की बात यह है कि मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े बाकी राज भी सामने लाए जाएंगे और फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार